दशहरा एवं दुर्गा पूजा पर्व को लेकर डीएम-एसपी ने किया फ्लैग मार्च

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। आगामी दशहरा एवं दुर्गा पूजा पर्व को लेकर जनपद प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। मगंलवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने शोहरतगढ़ कस्बे का दौरा कर सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी व भारी पुलिस बल के साथ कस्बे में फ्लैग मार्च किया। डीएम और एसपी ने कस्बे में स्थापित होने वाली प्रतिमाओं के स्थल, जुलूस मार्ग और विसर्जन स्थलों का भौतिक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पैदल चलकर मुख्य मार्गों की स्थिति देखी और संभावित भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टि से विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्थानीय पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और यातायात नियंत्रण से संबंधित आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न पूजा समितियों के आयोजकों से मुलाकात की। इस मौके पर आयोजकों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया और स्पष्ट किया गया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने आयोजकों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी विवादित स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।




