ब्लॉक संसाधन केंद्र में शिक्षक के सम्मान में समारोह का किया गया आयोजन
दैनिक बुद्ध का सन्देश
कैसरगंज/बहराइच। शिक्षक दिवस पर लोक भवन सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में विकासखंड कैसरगंज के प्राथमिक विद्यालय गुलरिया गाजीपुर के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों को सम्मान प्रदान कर शिक्षा क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना की है। मनोज कुमार सिंह ने विद्यालय में शैक्षिक नवाचार अनुशासन और विद्यार्थियों की सर्वोच्च प्रगति के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनकी निष्ठा और परिश्रम से विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता नई ऊंचाइयों तक पहुंची है। सम्मान प्राप्त करने के बाद भावुक मनोज कुमार सिंह ने कहा कि पुरस्कार केवल मेरा नहीं बल्कि पूरे विद्यालय और शिक्षा जागरूक समाज का है। मुख्यमंत्री के हाथों से सम्मानित होना मेरे लिए गर्व का क्षण है,यह सम्मान मुझे और अधिक समर्पण के साथ शिक्षा सेवा के लिए प्रेरित करेगा। इस उपलब्धि पर खंड शिक्षा अधिकारी जितेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि मनोज कुमार सिंह का यह सम्मान न केवल विद्यालय और क्षेत्र के लिए गौरव शाली है बल्कि शिक्षा जगत के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है यह उपलब्धि शिक्षकों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए उत्साहित करेगी। इस सम्मान के समाचार से क्षेत्र वासियों और शिक्षा जगत में हर्ष और गौरव की लहर सी दौड़ पड़ी है, वहीं दूसरी ओर शिक्षा दिवस के अवसर पर ब्लॉक संसाधन केंद्र कैसरगंज के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी जितेंद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र के शिक्षकों व शिक्षामित्र को उनके उत्कृष्ट कर और शिक्षा के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।





