पूरे जनपद में यूरिया खाद के लिए किसान परेशान

बर्डपुर/सिद्धार्थनगर। पूरे जनपद में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को यूरिया और डीएपी खाद की कमी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्थानीय किसानों में अर्जुन चौधरी, राधेश्याम, मोहम्मद खलील, कलामुददीन, राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि तस्कर पहले सीमा क्षेत्र के गांवों में खाद जमा करते हैं। फिर बुग्गी और बाइक से इसे नेपाल भेज देते हैं। विरोध करने पर किसानों को धमकाया जाता है। यूरिया की 45 किलोग्राम की बोरी का सरकारी मूल्य 266.50 रुपए है। लेकिन यह 500 रुपए में बेची जा रही है। डीएपी की 50 किलोग्राम की बोरी सरकारी दर 1,350 रुपए की जगह 1,600 से 1,800 रुपए में बेची जा रही है। खुनुवां के करहिया, पकड़ीहवा, बजहां के मटियारिया, रामनगर और कई अन्य सीमावर्ती इलाके तस्करी के लिए जाने जाते हैं। एक दुकानदार ने बताया कि अधिकतर दुकानदारों के पास अवैध गोदाम हैं। एसएसबी द्वारा सीमा पर पकड़ी जाने वाली खेप इस तस्करी को प्रमाणित करती है।उपजिलाधिकारी सदर कल्याण सिंह मौर्य ने कहा कि वितरण केन्द्रों की नियमित जांच की जा रही है। उनके अनुसार महंगे दामों में खाद की बिक्री नहीं हो रही है। ब्लैक में खाद बेचने का मामला सामने आने पर कार्रवाई की जायूगी।




