घर में घुसकर 08 लाख के जेवर, नकदी समेत रिवाल्वर भी उठा ले गये चोर, फैली सनसनी

इटवा/सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर के थानाक्षेत्र इटवा अन्तर्गत बिस्कोहर रोड पर स्थित ग्राम सहदेइया में राहुल पाठक के मकान में बीती रात चोरों ने घर में घुसकर रखे लाखों रूपये के गहने व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। नकदी व जेवर के साथ चोर घर में रखा गृहस्वामी का रिवाल्वर भी उठा ले गये। इस घटना में कम से कम आठ लाख के जेवर गये हैं। चोरी की इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। आपको बता दे कि घटना से पांच दिन पहले भी इटवा कस्बे की एक महिला डाक्टर के घर से 20 लाख की चोरी हुई थी। ताजा वारदात से क्षेत्रीय नागरिकों में बहुत दहशत है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार को रक्षाबंधन का त्यौहार मनाने के बाद राहुल पाठक का पूरा परिवार रात करीब 11 बजे तक सो गया। राहुल पाठक एलआईसी में कार्यरत हैं। उनका परिवार काफी सम्पन्न था। अनुमान है कि चोरों ने रात डेढ़ से ढाई बजे के बीच घर में घुसा होगा। ग्रामीणों के मुताबिक चोरों ने मकान के पिछले दरवाजे को किसी तरह खोलकर घर में घुसते होंगे। इसके बाद आराम से उन्होंने घर के सभी कमरों में रखे बाक्स, अलमारियों की तलाशी ली। इस दौरान उनके हाथ लगभग 7 से 8 लाख रूपये के जेवर समेत गृहस्वामी का रिवाल्वर भी चोरों के हाथ लग गया। इसके बाद चोरों ने जिस रास्ते से आये थे, उसी रास्ते से लौट गये। जबकि परिवार के सभी सदस्य घर के अगले कमरों में सो रहे थे। जबकि सारी कीमती सामान पीछे के कमरें में रखे थे। इसलिए किसी को भी भनक नहीं मिल सकी। पीड़ित परिवार के मुताबिक रविवार की भोर में जब परिजन जगे तो उन्हें इस चोरी का पता चला। घर का सामान बिखरा देखकर सभी सन्न रह गये। वहीं सूचना मिलने पर आनन-फानन में थानाध्यक्ष इटवा मयफोर्स वहां पहुंचे और वहां की स्थिति का जायजा लिया। वहीं फोरेंसिक टीम घटना स्थल पर पहुंचकर गहनता से जांच कर रही है। घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी इटवा ने भी मौके का निरीक्षण किया। इस बारें में पुलिस ने बताया कि चोरी गये सामानों की सूची बनाकर आंकलन करने के बाद ही निश्चित रूप से कुछ कहा जा सकेगा। लेकिन इतना तो जरूर कहा जा सकता है कि लाखों का सामान चोरी गया है। फिलहाल इटवा पुलिस घटना के खुलासे के लिए तुरन्त सक्रिय हो गई है। इस घटना से ग्रामीणों में काफी दहशत है।




