भारतभारी क्षेत्र में खाद संकट से परेशान किसान, मजबूरी में खरीद रहे खाद मंहगी

भारत भारी/सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत भारत भारी क्षेत्र में अच्छी बारिश के बाद धान की रोपाई पूरी हो चुकी है। खेतों में हरियाली दिखने लगी है और किसान अच्छी फसल की उम्मीद लगाये हैं। लेकिन अब खाद की कमी और बढ़ती कीमतों ने किसानों की चिन्ता बढ़ा दी है। रोपाई के बाद किसानों को यूरिया, डीएपी और पोटाश जैसे आवश्यक उर्वरकों की जरूरत होती है। सरकारी समितियों से लेकर निजी दुकानों तक खाद की कमी देखने को मिल रही है। जिन दुकानों पर खाद उपलब्ध है, वहां मनमानी दरों पर बिक्री हो रही है। इससे किसानों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। किसान सुखदेव, निजामुद्दीन, लवकुश और राम अनुज ने बताया कि धान के पौधों को पोषण देने के लिए खाद डालना जरूरी है। समिति में खाद नहीं मिल रही है। बाजार में दाम बहुत ज्यादा हैं। वे मजबूरी में महंगी खाद खरीद रहे हैं। किसानों का आरोप है कि खाद के लिए दलाल सक्रिय हो गये हैं। वे पहले से ही खाद का स्टॉक करके मनमानी कीमतों पर बेच रहे हैं। कई किसानों ने कृषि विभाग और स्थानीय प्रशासन को शिकायत की है। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जिला कृषि अधिकारी सिद्धार्थनगर मुहम्मद मुजम्मिल ने बताया कि खाद स्टॉक की कमी के कारण यह समस्या उत्पन्न हो रही है। स्टॉक की पूर्ति होने पर समस्या का समाधान हो जायेगा। कृषि अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही समितियों में खाद की आपूर्ति बढ़ाई जायेगी। अवैध भण्डारण या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। किसान उम्मीद लगाये हैं कि प्रशासन समय रहते स्थिति पर काबू पायेगा। ताकि धान की फसल पर संकट न आये और मेहनत से लगाये गये खेतों में खुशहाली आ सकें।



