ससुराल में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

दैनिक बुद्ध का सन्देश
सिद्धार्थनगर। भवानीगंज थाना क्षेत्र के भैंसहिया गांव में ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतक की पहचान गोंडा जनपद के खोड़ारे थाना क्षेत्र स्थित नरहरपुर दल्लीजोत निवासी अनिल कुमार यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अनिल ने भैंसहिया गांव की उर्मिला देवी से प्रेम विवाह किया था और उनके एक पुत्र व एक पुत्री हैं। ससुराल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए वह कुछ दिन पहले भैंसहिया आया था।मृतक के पिता रामसेवक यादव का आरोप है कि प्रेम विवाह से नाराज ससुराल पक्ष के लोगों ने मंगलवार रात अनिल की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। सूचना मिलने पर परिजन उसे इलाज के लिए बस्ती ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने ससुर, साले समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।थानाध्यक्ष भवानीगंज विजय शंकर सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




