मोहर्रम को लेकर बहराइच पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंदरू एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव

दैनिक बुद्ध का सन्देश
बहराइच। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए बहराइच पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्त और सोशल मीडिया की निगरानी की जा रही है।पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मोहर्रम के दृष्टिगत सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकों का आयोजन किया गया है। धर्मगुरुओं, ताजिया कमेटियों और आयोजकों के साथ संवाद स्थापित कर आपसी समन्वय को मजबूत किया गया है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।उन्होंने बताया कि जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया है तथा आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।बहराइच पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और शांति भंग करने वाले तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा।




