जमीनी विवाद में कुल्हाड़ी व लाठी-डंडे से हमला हालत गंभीर

दैनिक बुद्ध का संदेश
बभनी (सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र के रंदह गांव में रविवार की रात खेत की मेढ़ को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी व लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल व्यक्ति को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, खेत की मेढ़ और थोड़े से जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि एक पक्ष के रामजनम,रामशकल पुत्रगण हरि,हरि पुत्र रुपचंद,फूलमतिया पत्नी हरि, शांति पत्नी रामशकल तथा संगीता पत्नी रामजनम ने कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे लक्ष्मन 70 पुत्र रुपचंद निवासी रंदह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके शरीर पर लाठी डंडे की मार तथा सिर पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया गया जिससे वह लहुलुहान हो गया और वहीं गिर गया। टना की सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार पाठक मयफोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घायल पड़े व्यक्ति को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घायल की तहरीर तथा चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



