बुद्ध की तपोस्थली श्रावस्ती पहुंचे बौद्ध श्रद्धालु, जेतवन में किया पूजन-अर्चना

बुद्ध का संदेश
श्रावस्ती। बुद्ध की तपोस्थली श्रावस्ती स्थित जेतवन विहार में बौद्ध श्रद्धालुओं ने बौद्ध भिक्षु भंवरानंद की अध्यक्षता में कौशाम कुटी एवं गंध कुटी पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान बुद्ध के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बौद्ध भिक्षु भंवरानंद ने कहा कि भगवान महात्मा बुद्ध का जीवन और उनके उपदेश आज भी पूरे विश्व के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने बताया कि बुद्ध का संदेश शांति, अहिंसा, करुणा और आत्मज्ञान पर आधारित है। त्रिपिटक, धम्मपद, जातक कथाएं और महावग्ग जैसे बौद्ध ग्रंथ आत्मसंयम, संतुलित जीवन तथा समाज के प्रति दया और करुणा की भावना विकसित करने की प्रेरणा देते हैं। पूजन-अर्चन के उपरांत श्रद्धालुओं ने जेतवन परिसर का भ्रमण कर वहां के ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभा मंडप, गंध कुटी, सूर्यकुंड, शिवली स्तूप, राहुल कुटी, संघमित्रा कुटी, संघाराम बुद्ध विहार, कच्ची कुटी तथा पक्की कुटी सहित अन्य स्थलों का अवलोकन किया। इस अवसर पर आनंद सागर, माता विद्यावती, देवानंद, भंवरानंद, नागलोक सहित अनेक बौद्ध श्रद्धालु उपस्थित रहे।




