गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़सोनभद्र

टोरंटो की तर्ज पर रॉबर्ट्सगंज पुल के नीचे विकसित की जाएंगी नगरीय सुविधाएं

सोनभद्र को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अनूठी पहल

दैनिक बुद्ध का संदेश

सोनभद्र। शहरों को साफ-स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप सोनभद्र जिला प्रशासन ने एक अनूठी पहल की है। जिला प्रशासन ने सोनांचल नगरी को और भव्य बनाने के लिए कनाडा के सबसे बड़े शहर टोरंटो में फ्लाई ओवर के नीचे बने विश्व प्रसिद्ध अंडरपास पार्क की तर्ज पर रॉबर्ट्सगंज फ्लाई ओवर के नीचे भी नगरीय सुविधाएं विकसित करने का निर्णय लिया है। यहां बच्चों के लिए झूले, खेलने का स्थान, फूड कोर्ट व ग्रीन जोन विकसित करने के साथ ही मनमोहक वॉल पेंटिंग से सजावट की जाएगी। इन सभी कार्यों को पूर्ण करने में लगभग चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि सोनभद्र को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रॉबर्ट्सगंज फ्लाई ओवर के नीचे के स्थान को संवारने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि फ्लाई ओवर के नीचे लगभग 1 किलोमीटर में नगरीय सुविधाओं को विकसित किया जाएगा। इन सुविधाओं को तीन जोन में बांटा गया है। स्पोर्ट्स जोन में बच्चों के खेलने के लिए अत्याधुनिक झूले लगाएं जाएंगे, बैडमिंटन कोर्ट, बॉस्केट बॉल कोर्ट व क्रिकेट नेट का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही एक ओपेन जिम की स्थापना भी की जाएगी जहां नगरवासी शारीरिक व्यायाम कर खुद को स्वस्थ्य रख सकेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि फ्लाई ओवर के नीचे फूड जोन भी विकसित किया जाएगा, जहां पर नगरवासी लजीज व्यंजनों का स्वाद चख सकेंगे। इसके अलावा एक ग्रीन जोन भी विकसित किया जाएगा। ग्रीन जोन में सजावटी पौधे लगाए जाने के साथ ही आमजन को ‘ट्रिपल आर’ (रिड्यूस, रियूज और रिसाइकल) के प्रति जागरुक करने के उद्देश्य से प्रदूषण का कारक बनने वाले प्लास्टिक, रबर इत्यादि का इस्तेमाल कर बनाए गए मनमोहक स्कल्प्चर लगाए जाएंगे। इतना ही नहीं, पुल के नीचे के स्थान को आकर्षण का केंद्र बनाने के लिए सुंदर वाल पेंटिंग भी कराई जाएगी और नगर वासियों के बैठने के लिए आरामदायक और सुंदर स्थान भी विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यातायात किसी भी तरह से बाधित न होने पाए इसके लिए फ्लाई ओवर के नीचे ही समुचित स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। बताया कि फ्लाई ओवर के नीचे विकसित होने वाले स्पोर्ट्स, फूड और ग्रीन जोन को रंग-बिरंगी लाइटों से भी सजाया जाएगा ताकि यह स्थान नगरवासियों के आकर्षण का केंद्र बने। जिलाधिकारी ने बताया कि समस्त कार्य नॉर्दर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के सीएसआर मद के तहत कराए जाएंगे। विकसित की जाने वाली सभी सुविधाओं की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है, जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

Related Articles

Back to top button