कपिलवस्तु समेकित विकास परियोजना की धीमी प्रगति पर डीएम नाराज, कार्रवाई के दिए निर्देश

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर, 09 जून 2026। जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी.एन. ने मंगलवार को पर्यटन विभाग की निर्माणाधीन कपिलवस्तु समेकित विकास परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा न होने तथा निर्माण कार्य की धीमी गति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।निरीक्षण के दौरान बताया गया कि परियोजना का निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। कार्यों में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।इसके बाद जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन विपश्यना केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने टूरिस्ट इंफॉर्मेशन सेंटर, एडमिन ब्लॉक, मेस ब्लॉक, पुरुष एवं महिला आवासीय परिसर, गार्ड रूम, सब-स्टेशन रूम तथा मेडिटेशन ब्लॉक सहित विभिन्न निर्माणाधीन संरचनाओं का अवलोकन किया। उन्होंने सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक आशुतोष उपाध्याय सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।इसके उपरांत जिलाधिकारी ने विपश्यना पार्क का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को पार्क को शीघ्र क्रियाशील बनाकर पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों के लिए उपयोगी बनाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि कपिलवस्तु क्षेत्र के पर्यटन विकास से जिले की पहचान को नई दिशा मिलेगी, इसलिए सभी परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाना आवश्यक है।




