एडीओ पंचायत कार्यालय बढ़नी में भ्रष्टाचार का बोल-बाला

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। सूत्रों से मिली जानकारी मुताबिक सिद्धार्थनगर जनपद के विकास खण्ड बढ़नी मुख्यालय पर स्थित पंचायती राज विभाग के एडीओ पंचायत कार्यालय में भ्रष्टाचार का बोल-बाला चल रहा है। जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर नकल में जिम्मेदार अधिकारियों कर्मचारियों की लापरवाही या मिली भगत से फेरबदल करना कुछ भी असम्भव नही है। एक तरफ जहां जिम्मेदार अधिकारियों की मनमर्जी से सफाई कर्मियों के कार्य क्षेत्र में फेरबदल कर सफाई कर्मियों का शोषण करने का कार्य किया जा रहा है। वहीं कुछ सफाई कर्मी पंचायत कार्यालय में कम्प्यूटर आपरेटर व बड़े बाबू बने फिर रहे हैं, तो कुछ साहब की संरक्षण में प्रधान प्रतिनिधि बनकर अपना नेतागीरी चमका रहे हैं। जिससे गांव की सफाई व्यवस्था चौपट हो रही है। गांवों में जगह-जगह गन्दगी के अंबार व नालियां जाम होने से सड़कों पर जल जमाव हो रहा है और तमाम तरह की बीमारियां फैल रही है। कुछ सफाई कर्मी सिर्फ तनख्वाह लेकर नाम के रह गये है, और अपनी जगह पर किसी प्राइवेट आदमी को रखकर सफाई के नाम पर खानापूर्ति कर रहे हैं। उन्हें सफाई कर्मी बनकर कार्य करने में शर्म आ रही है लेकिन फ्री में तनख्वाह लेने में जरा सी भी शर्म नही आ रही है। जबकि सरकार गांवों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत, स्वच्छता के नाम पर लाखों करोड़ों खर्च कर रही है। फिर भी ज्यादातर गांवों में आम जनता को मजबूर होकर खुद नालियां साफ करनी पड़ती है। कुछ ग्राम प्रधानों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जिम्मेदार अधिकारी अपनी मर्ज़ी से सफाई कर्मियों को हटाकर इधर से उधर कब कर दिया जाता है, किसी को भी मालूम नही पड़ता है। वहीं कुछ सफाई कर्मियों का दबी जुबान से कहना है कि जो लोग गांव में अच्छा कार्य करते हैं,उन्ही लोगों को फेरबदल कर शोषण किया जाता है। उक्त सम्बन्ध में डीपीआरओ व मुख्य विकास अधिकारी के सीयूजी नम्बर 9454464749 पर सम्पर्क किया गया तो फोन रिसीव नहीं होने के कारण कोई बात नही हो पाई थी।




