चोरो के हौसले बुलंद,प्राथमिक विद्यालय घरुआर में 6 माह में 6 बार चोरों ने किया चोरी
एक बार हुई थी प्राथमिकी दर्ज, नही हुआ अब तक खुलासा, चोरों के हौसले बुलन्द, सख्त कार्रवाई की मांग।

बढ़नी/सिद्धार्थनगर।थाना क्षेत्र ढेबरुआ अन्तर्गत एनएच 730 बढ़नी पचपेड़वा मार्ग पर स्थित प्राथमिक विद्यालय घरुवार को चोर बार बार अपना निशाना बना रहे हैं। विद्यालय प्रधानाचार्य शैलेश कुमार का कहना है कि वे बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से काफी परेशान हैं। पिछले 6 माह में 6 बार चोरों ने चोरी करने का प्रयास किया है, जिसमें कई बार सफल तो कुछ असफल भी रहे हैं। तीन माह पहले चोरों ने ताला तोड़ कर गैस सिलेण्डर, चूल्हा, बर्तन भगौना, राशन आदि उठा ले गये थे, जिससे उनका मनोबल बढ़ा हुआ है। उक्त सम्बन्ध में एक बार अज्ञात चोरों के खिलाफ ढेबरुआ थाने में एफआईआर दर्ज हुई थी, जिसका खुलासा आज तक नही किया गया है। विद्यालय में गरीब परिवार के बच्चे पढ़ते हैं। जिन्हें मीड-डे मील भोजन उपलब्ध कराने में काफी परेशानी होती है। विद्यालय में पिछले 6 महीने के भीतर छठी बार हुई चोरी की घटना से विद्यालय प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण हतप्रभ हैं। चोरों के दुस्साहस से शिक्षा का माहौल प्रभावित हो रहा है और बच्चों के लिए संचालित महत्वपूर्ण योजनाएं भी संकट में हैं। बीती रात 8 दिसम्बर को हुई नवीनतम चोरी के प्रयास की कोशिश ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। बताया जाता है कि चोरों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक कक्ष को निशाना बनाया गया, दरवाजे का ताला तोड़ने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। विद्यालय के प्रधानाध्यापक शैलेश कुमार ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया ष्6 महीने में यह 6वीं घटना है। हर बार चोर ताला तोड़कर आते हैं और बच्चों के मिड-डे मील का सामान चुरा ले जाते हैं। हम बच्चों को पढ़ाने की चिन्ता करें या बार-बार सुरक्षा का इंतजाम करने की?ष् उन्होंने कहा कि बार-बार चोरी होने से न केवल स्कूल को आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि मिड-डे मील बनाने की प्रक्रिया भी बाधित हो रही है, जिसका सीधा असर गरीब बच्चों के पोषण पर पड़ रहा है। वहीं स्थानीय ग्राम प्रधान राधेश्याम और अभिभावकों ने भी इन घटनाओं पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उनका कहना है कि विद्यालय की चारदीवारी और कभी लांघ कर चोर चोरी कर लेते हैं। रात में कोई सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं रहता। ग्रामीणों ने जिला शिक्षा अधिकारी और स्थानीय पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप करने और स्कूल में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। नवीनतम चोरी के प्रयास की घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कर कार्यवाही का भरोसा दिया। वहीं बड़ा सवाल यह है कि लगातार हो रही चोरियों के बीच क्या प्राथमिक विद्यालय घरुवार के नौनिहालों को उनका हक (मिड-डे मील) बिना किसी बाधा के मिल पायेगा? इस पर प्रशासन को जल्द ही कोई ठोस कदम उठाना होगा। वहीं उक्त सम्बन्ध में पुलिस चौकी प्रभारी बढ़नी अमित कुमार का कहना है कि पुलिस रात में गस्त कर रही है। ऐसे जगहों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।




