ताला तोड़ते चोर गिरफ्तार, रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले किया

त्रिलोकपुर/सिद्धार्थनगर। थानाक्षेत्र त्रिलोकपुर के ग्राम पंचायत जुड़वनिया में एक चोर को दुकान का ताला तोड़कर चोरी करते हुए पकड़ा गया। रात करीब 12 बजे ग्रामीणों ने चोर को रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय निवासी मनीष सैनी के अनुसार उन्हें बीती रात को करीब 12 बजे गांव के लोगों से इस घटना की जानकारी मिली। चोर दुकान के अन्दर घुसकर चोरी कर रहा था, जब ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। मनीष ने बताया कि इसी जगह पर लगभग 15 दिन पहले जनार्दन गुप्ता के घर में लाखों रुपये की चोरी हुई थी। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनायें लगातार हो रही हैं। पिछली चोरी का मामला अभी तक सुलझा नहीं है। हालांकि इस बार चोर को मौके पर ही पकड़ लिया गया। थाना प्रभारी त्रिलोकपुर विपिन सिंह राठौर ने बताया कि रात में गांव के लोगों द्वारा फोन कर सूचना दी गई थी। पुलिस तुरन्त मौके पर पहुंची और चोर को हिरासत में लेकर थाने ले आई। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी। इलाके के निवासियों ने चिन्ता जताई है कि क्षेत्र में चोरी की घटनायें बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि पुलिस को इस पर अधिक सक्रियता से कार्रवाई करनी चाहिए।




