भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) की मासिक पंचायत में किसानों की समस्याएं उठीं, बीडीओ इकौना को सौंपा ज्ञापन

दैनिक बुद्ध का संदेश
इकौना, श्रावस्ती। भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) की मासिक पंचायत मंगलवार को आयोजित हुई, जिसमें किसानों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। पंचायत के उपरांत संगठन के पदाधिकारियों ने विकास खंड अधिकारी (बीडीओ) इकौना को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में ग्राम पंचायतों में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों और जनसमस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की गई। संगठन ने विशेष रूप से महादेव यादव के घर से कृपाचार्य के घर तक तथा शिवकुमार के घर से खाल तक जर्जर नाली की मरम्मत कराने की मांग उठाई। साथ ही महादेव की चक्की से तीर्थरामनाथ के घर तक आरसीसी सड़क निर्माण कराए जाने की भी मांग की गई।भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करने को विवश होगा।ज्ञापन प्राप्त करने के बाद बीडीओ इकौना ने संबंधित मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। पंचायत में संगठन के पदाधिकारी, किसान एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।




