ठगी में त्वरित कार्रवाई, शेष धनराशि वापस कराने के प्रयास जारी

दैनिक बुद्ध का संदेश
श्रावस्ती। जनपद में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के उद्देश्य से श्रावस्ती पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में साइबर सेल थाना इकौना ने साइबर ठगी के एक मामले में सराहनीय सफलता हासिल करते हुए पीड़ित के ₹19,400 में से ₹9,500 की धनराशि उसके बैंक खाते में वापस करा दी।पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक थाना इकौना परमानंद तिवारी एवं साइबर सेल टीम ने त्वरित तकनीकी एवं विधिक कार्रवाई की।पीड़ित असगर अली, पुत्र गुलशेर अली, निवासी हयातनगर, थाना गोसाईगंज, जनपद सुल्तानपुर, जो वर्तमान में श्रावस्ती में लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं, ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात साइबर ठग ने यूपीआई के माध्यम से उनके खाते से ₹19,400 की धोखाधड़ी कर ली थी।शिकायत मिलते ही साइबर सेल थाना इकौना ने पोर्टल के माध्यम से संबंधित बैंक एवं अन्य संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई की। इसके परिणामस्वरूप पीड़ित के खाते में ₹9,500 की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। शेष राशि वापस कराने के लिए प्रयास जारी हैं।



