गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़सिद्धार्थनगर

बांसी नगर पालिका परिसर में बिना पुलिस सत्यापन बाहरी लोगों के ठहरने पर विवाद, जांच की मांग

दैनिक बुद्ध का संदेश
बांसी/सिद्धार्थनगर। बांसी नगर पालिका क्षेत्र से सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़ा एक मामला सामने आया है। नगर पालिका परिसर में रह रहे कुछ बाहरी लोगों को लेकर स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बिना पुलिस सत्यापन के अज्ञात लोगों को सरकारी परिसर में ठहराया गया है, जिससे सुरक्षा संबंधी सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अजय कुमार सिंह यादव ने बताया कि संबंधित लोग चमन कंस्ट्रक्शन के माध्यम से नालों की सफाई के लिए लाए गए अस्थायी मजदूर हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष के निर्देश पर उन्हें परिसर में ठहराया गया है। ईओ के इस बयान के बाद स्थानीय लोगों ने कई सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बिना पुलिस सत्यापन के बाहरी लोगों को सरकारी संपत्ति में ठहराना नियमों के अनुरूप है या नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए। साथ ही नालों की सफाई जैसे जोखिमपूर्ण कार्य में लगे मजदूरों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाने को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का यह भी आरोप है कि सफाई कार्य करने वाली फर्म चमन कंस्ट्रक्शन के कार्यों को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। उनका कहना है कि यदि किसी बाहरी व्यक्ति को सरकारी परिसर में ठहराया जाता है तो उससे पहले पुलिस सत्यापन कराया जाना चाहिए। स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस पूरे प्रकरण में जिला प्रशासन की ओर से किसी जांच या कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अब देखना होगा कि शिकायत के आधार पर प्रशासन क्या कदम उठाता है।

Related Articles

Back to top button