पयागपुर में ओवरलोडिंग का कहररू डंपर ने तोड़ा नहर का पुल, गांवों का संपर्क प्रभावित

दैनिक बुद्ध का संदेश
पयागपुर, बहराइच। पयागपुर थाना क्षेत्र के अमदापुरदृसोखवा मार्ग पर मंगलवार को एक ओवरलोड डंपर की वजह से नहर पर बना पुल क्षतिग्रस्त हो गया। पुल टूटने के बाद इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई और आसपास के ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से ओवरलोड डंपरों का संचालन धड़ल्ले से हो रहा है, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद अनदेखी की गई, जिसका नतीजा अब पुल टूटने के रूप में सामने आया है। पुल क्षतिग्रस्त होने से आमदापुर, सोखवा और आसपास के गांवों के लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पुल की मरम्मत नहीं कराई गई और ओवरलोड वाहनों पर सख्ती नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पुल की तत्काल मरम्मत कराई जाए, वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए तथा ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।




