पिछड़ी जाति के युवाओं के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण का अवसर, 31 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, सिद्धार्थनगर द्वारा पिछड़ी जाति के व्यक्तियों के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। योजना के तहत पुरुष अभ्यर्थियों को मोटर साइकिल रिपेयरिंग तथा महिला अभ्यर्थियों को सिलाई ट्रेड में चार माह का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए 18 से 45 वर्ष आयु के ऐसे अभ्यर्थी पात्र होंगे, जो न्यूनतम कक्षा 8 उत्तीर्ण हों तथा जनपद सिद्धार्थनगर के निवासी हों। इच्छुक अभ्यर्थी उद्योग विभाग के ई-पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 शाम 5 बजे निर्धारित की गई है। आवेदन से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, सिद्धार्थनगर में कार्यदिवसों पर प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। जिला उद्योग विभाग ने पात्र युवाओं से समय रहते आवेदन कर इस निःशुल्क प्रशिक्षण योजना का लाभ उठाने की अपील की है।




