9 करोड़ की मरम्मत पर उठे सवाल: एक महीने में फिर उखड़ा संजय सेतु का ज्वाइंटर, सफर दोबारा खतरे में

बहराइच। बहराइच-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित संजय सेतु की मरम्मत पर खर्च किए गए करीब 9 करोड़ रुपये अब सवालों के घेरे में हैं। जिस पुल को सुरक्षित बनाने के लिए लगभग दो महीने तक यातायात प्रभावित रहा, उसी पुल का ज्वाइंटर मार्ग चालू होने के कुछ ही समय बाद फिर क्षतिग्रस्त हो गया है।
मरम्मत के दौरान लोगों को लंबे समय तक डायवर्जन, जाम और अतिरिक्त दूरी तय करने की परेशानी झेलनी पड़ी। उम्मीद थी कि कार्य पूरा होने के बाद पुल पर आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा, लेकिन एक महीने के भीतर ही ज्वाइंटर में दोबारा गड्ढा बनने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो यह गड्ढा किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इस पुल से गुजरते हैं, ऐसे में क्षतिग्रस्त ज्वाइंटर यात्रियों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बन गया है।
अब लोगों की मांग है कि मरम्मत कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए और यदि निर्माण में लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पुल की तत्काल मरम्मत कराकर आवागमन को सुरक्षित बनाया जाए।



