विकास कार्यों की अनदेखी से वार्डवासियों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी:हरि नारायण सिंह लोधी।

दैनिक बुद्ध का संदेश
सोनौली/महराजगंज। नगर पंचायत सोनौली के वार्ड संख्या-4 में विकास कार्यों की अनदेखी को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। वार्डवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में सड़क, नाली और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति लगातार बदहाल बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो समस्याओं का समाधान किया गया और न ही विकास कार्य शुरू कराए गए।स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड संख्या-4 की सड़क निर्माण को लेकर कई बार नगर पंचायत में शिकायत की गई। हर बार अधिकारियों द्वारा यह कहकर आश्वासन दिया गया कि सड़क निर्माण का टेंडर हो चुका है और जल्द कार्य शुरू होगा, लेकिन आज तक मौके पर कोई काम शुरू नहीं हुआ। हाल ही में दोबारा जानकारी लेने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला।वार्डवासियों का कहना है कि जगह-जगह जलभराव, टूटी सड़कें और गंदगी के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। उनका आरोप है कि विकास कार्यों के नाम पर केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, जबकि धरातल पर कोई सुधार दिखाई नहीं दे रहा है।स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि सोनौली स्टैंड का ठेका मनमाने ढंग से दे दिया गया, जबकि नगर पंचायत के मनोनीत सभासदों को इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। एक सभासद हरिनारायण सिंह लोधी का कहना है कि नगर पंचायत में पारदर्शिता का अभाव है और शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। हरि नारायण सिंह लोधी ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण, नालियों की सफाई और अन्य विकास कार्य शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्य शुरू नहीं हुआ तो लोकतांत्रिक तरीका अपने को बाध्य होंगे।




