शिक्षकों ने सांसद को सौंपा प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन, टीईटी विसंगतियों के समाधान की उठाई मांग

दैनिक बुद्ध का संदेश
श्रावस्ती। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडियाश् के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर जनपद श्रावस्ती में शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष विनय पांडेय के नेतृत्व में सैकड़ों शिक्षकों एवं पदाधिकारियों ने टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अनिवार्यता एवं उससे जुड़ी विसंगतियों के विरोध में प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सांसद चौधरी राम शिरोमणि वर्मा को सौंपा। ज्ञापन में शिक्षकों ने मांग की कि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) द्वारा 23 अगस्त 2010 को निर्धारित न्यूनतम योग्यता के पैरा-4 को संसद से पारित कर शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम में शामिल किया जाए, जिससे शिक्षकों के अधिकारों और सेवा संबंधी मामलों को कानूनी सुरक्षा मिल सके। जिला अध्यक्ष विनय पांडेय ने सांसद को शिक्षकों की समस्याओं और उनसे जुड़े कानूनी पहलुओं की जानकारी दी। इस पर सांसद चौधरी राम शिरोमणि वर्मा ने मांगों को उचित बताते हुए आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे को संसद और प्रधानमंत्री कार्यालय तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएंगे। इस अवसर पर जिला मंत्री सत्य प्रकाश वर्मा, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष हरीश कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष जनार्दन यादव, राधेश्याम सिंह कुशवाहा, उत्तम चौधरी, अनवर खान, युगल किशोर, शिवशंकर गौतम, आनंद त्रिपाठी, देवेंदु त्रिपाठी, राकेश सिंह, राकेश चौधरी, विशाल टंडन, सुनील दत्त शुक्ला, गंगाराम यादव, अनूप श्रीवास्तव, संतोष मिश्रा, अंकित श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं और संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।




