यूपी पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती में बहराइच के प्रवीण शुक्ला ने हासिल की 11वीं रैंक, शनिवार को होगा सम्मान समारोह

दैनिक बुद्ध का संदेश
विशेश्वरगंज (बहराइच)। विकासखंड विशेश्वरगंज के ग्राम एवं पोस्ट रनियापुर गोबरही निवासी प्रवीण कुमार शुक्ला ने उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) भर्ती परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए प्रदेश में 11वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। प्रवीण कुमार शुक्ला, पुत्र नान बच्चा, वर्ष 2016 से उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी के साथ कठिन परिश्रम, अनुशासित तैयारी और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है, जिससे उन्होंने जनपद बहराइच का नाम प्रदेश भर में रोशन किया है। रघु बाबा समाज सेवा संस्थान के अध्यक्ष राजकुमार दूबे उर्फ गोली दूबे ने प्रवीण की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विशेश्वरगंज और बहराइच के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रवीण का संघर्ष, मेहनत और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है तथा यह साबित करता है कि निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि शनिवार को रघु बाबा मंदिर परिसर में प्रवीण कुमार शुक्ला के सम्मान में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित होकर उन्हें सम्मानित करेंगे। समारोह में उनकी सफलता की कहानी को युवाओं के लिए प्रेरणा के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।




