कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत चिल्हिया पुलिस ने टेकनार बुजुर्ग में किया जनसंवाद

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान के तहत चिल्हिया पुलिस ने सोमवार को थाना क्षेत्र के ग्राम टेकनार बुजुर्ग में वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामीणों के साथ जनसंवाद एवं गोष्ठी का आयोजन किया। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ उन्हें कानून-व्यवस्था, साइबर सुरक्षा और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश गुप्ता के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। गोष्ठी के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही साइबर ठगी से बचाव, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की। ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की भी जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने पुलिस की इस जनसंपर्क पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत होता है। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक सुधाकर राय, कांस्टेबल पंकज वर्मा एवं महिला कांस्टेबल शालू मौजूद रहीं।




