शोहरतगढ़ पुलिस ने जन चौपाल में महिलाओं को किया जागरूक
कर्सर.....साइबर अपराध व हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़,सिद्धार्थनगर।शोहरतगढ़ पुलिस की ओर से सोमवार को मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत ग्राम छतहरी में जन चौपाल एवं बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को नारी सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, महिला अधिकारों तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद एवं क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने महिलाओं को मिशन शक्ति अभियान की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि प्रदेश के सभी थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से महिलाएं अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं और आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान दहेज उत्पीड़न, पॉक्सो एक्ट, महिला संबंधी अपराधों, साइबर ठगी से बचाव, नए कानूनों तथा महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, 181, पुलिस हेल्पलाइन 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस 108, अग्निशमन 101, एल्डर हेल्पलाइन 14567 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के बारे में भी बताया गया। मिशन शक्ति फेज-5.0 के स्टीकर भी चस्पा किए गए। इस दौरान यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में हेड कांस्टेबल अविनाश सिंह एवं महिला कांस्टेबल उर्मिला देवी मौजूद रहीं।




