सोनौली का जाम हुआ विकरालरू ट्रकों के बीच फंसी स्कूल बस, मासूमों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल

दैनिक बुुद्ध का संदेश
सोनौली/महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे सोनौली कस्बे में शुक्रवार को एक बार फिर भीषण जाम ने आमजन के साथ-साथ स्कूली बच्चों की मुश्किलें बढ़ा दीं। जाम इतना विकराल था कि स्कूल बसें भी घंटों तक ट्रकों और भारी वाहनों के बीच फंसी रहीं। वायरल हो रही तस्वीर में एक स्कूल बस, जेसीबी और मालवाहक ट्रक चौराहे पर जाम में फंसे दिखाई दे रहे हैं, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों को लंबे समय तक जाम में इंतजार करना पड़ा। कई अभिभावकों ने चिंता जताते हुए कहा कि भारी वाहनों के बीच फंसी स्कूल बसें बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। बरसात और उमस के मौसम में बसों के भीतर बैठे बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सोनौली में ट्रकों की अव्यवस्थित आवाजाही, ओवरलोड वाहनों का दबाव और प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन की कमी के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों और सीमा पार आने-जाने वाले यात्रियों को उठानी पड़ रही है।




