विश्वकर्मा शिल्पकार पीडीए सम्मेलन, पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा का भव्य स्वागत, 2027 चुनाव को लेकर सपा ने भरी हुंकार

दैनिक बुद्ध का संदेश
श्रावस्ती। हरिहरपुररानी क्षेत्र के बनघूसरा मोड़ पर आयोजित विश्वकर्मा शिल्पकार पीडीए सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा देखने को मिला। कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा का सपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। सम्मेलन के दौरान वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। अपने संबोधन में पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार और उसकी नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था समेत विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है और आम जनता कई समस्याओं से जूझ रही है। राम आसरे विश्वकर्मा ने अपने भाषण के दौरान राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर भी भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। यह उनके राजनीतिक आरोप और बयान थे। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की। कार्यक्रम में विधायक इंद्राणी वर्मा, सपा जिलाध्यक्ष सर्वजीत यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। नेताओं ने संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर बल दिया।




