स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, अवैध निजी अस्पताल सीज, 8 को नोटिस

दैनिक बुुद्ध का संदेश
बहराइच। जनपद के विकास खंड नवाबगंज में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों एवं पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय शर्मा के निर्देश पर अधीक्षक डॉ. थानेदार के नेतृत्व में गठित टीम ने विभिन्न निजी स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बिना वैध पंजीकरण संचालित एक निजी अस्पताल को तत्काल सीज कर दिया गया। इसके अलावा जांच में अनियमितताएं मिलने पर आठ निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के निजी अस्पताल संचालकों और पैथोलॉजी केंद्रों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण संचालित संस्थानों तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी अभियान जारी रहेगा और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।



