बसडीला में अधूरा पड़ा पंचायत भवन, भंडारण स्थल बना भवन; ग्रामीणों ने जल्द निर्माण पूरा कराने की उठाई मांग

दैनिक बुद्ध का संदेश
खेसरहा। खेसरहा विकास क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसडीला में लाखों रुपये की लागत से निर्मित पंचायत भवन आज भी अधूरा पड़ा हुआ है। निर्माण कार्य पूरा न होने से ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं, ऑनलाइन सेवाओं और पंचायत स्तर पर मिलने वाली सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है। सरकार की मंशा थी कि प्रत्येक पंचायत भवन में ग्राम पंचायत की बैठकें आयोजित हों तथा पंचायत सहायक के माध्यम से आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, ऑनलाइन आवेदन, पेंशन, राशन कार्ड सहित अन्य सरकारी सेवाएं ग्रामीणों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए पंचायत सहायकों की नियुक्ति भी की गई है, लेकिन ग्राम पंचायत बसडीला में यह व्यवस्था अब तक धरातल पर प्रभावी नहीं हो सकी है। पंचायत भवन का निरीक्षण करने पर पता चला कि भवन का प्लास्टर तो हो चुका है, लेकिन कमरों में अब तक दरवाजे नहीं लगाए गए हैं। फर्श का निर्माण अधूरा है और पेंटिंग का कार्य भी पूरा नहीं किया गया है। रखरखाव के अभाव में भवन के कमरों में बोरियां, भूसा और अन्य सामान रखा जा रहा है, जिससे पंचायत भवन अपने मूल उद्देश्य से भटककर भंडारण स्थल बन गया है। ग्रामीण महेंद्र, सुरेंद्र, संतोष और राजेश ने बताया कि पंचायत भवन बनने के बावजूद उन्हें कोई सुविधा नहीं मिल रही है। उन्होंने मांग की कि भवन का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए और पंचायत सहायक की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्री चंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि अधूरे निर्माण कार्य और आवश्यक सुविधाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि बजट मिलते ही शेष कार्य पूरा कर पंचायत भवन को सुचारु रूप से संचालित कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को गांव में ही सभी सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके।




