₹25 हजार के इनामी बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

दैनिक बुद्ध का संदेश
बहराइच। जिले के कैसरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और ₹25 हजार के इनामी वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद होने का दावा किया गया है।पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह तथा क्षेत्राधिकारी कैसरगंज डी.के. श्रीवास्तव की निगरानी में थाना कैसरगंज पुलिस कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोवध निवारण अधिनियम के एक मामले में फरार इनामी अभियुक्त हरनी गांव रोड से प्यारेपुर मार्ग स्थित पुलिया के पास मौजूद है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देख अभियुक्त अशरफ अली उर्फ टन्ने (40 वर्ष) निवासी बढ़ोली चौकीदारनपुरवा, थाना कैसरगंज ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी और उसे मौके से दबोच लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक देशी तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा 640 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त पर गोवध निवारण अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न मामलों में करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं और उस पर ₹25 हजार का इनाम घोषित था।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने इस मामले में धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




