विभिन्न मांगों को लेकर पंचायत सहायकों ने एडीओ पंचायत को सौंपा ज्ञापन

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। विकास खंड शोहरतगढ़ के पंचायत सहायकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पंचायत सहायकों ने विभागीय कार्यों के सुचारु संचालन और ग्रामीणों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कई मांगें उठाईं। पंचायत सहायकों ने ग्राम निधि अथवा ओएसआर से उच्च गुणवत्ता का स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि अधिकांश विभागीय कार्य अब मोबाइल आधारित हो गए हैं, ऐसे में बेहतर उपकरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने सहज एवं ई-डिस्ट्रिक्ट आईडी के वार्षिक नवीनीकरण शुल्क का भुगतान भी ग्राम निधि अथवा ओएसआर से कराए जाने की मांग की। साथ ही सहज एवं ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं के निर्बाध संचालन के लिए सहज वॉलेट में ग्राम निधि से तीन हजार रुपये की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई। ज्ञापन में पंचायत सहायकों ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में आयोजित विभिन्न प्रशिक्षणों का मानदेय जिले के अन्य विकास खंडों में कार्यरत पंचायत सहायकों को मिल चुका है, जबकि शोहरतगढ़ विकास खंड के पंचायत सहायकों को अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की। इसके अलावा व्यक्तिगत शौचालय की डिमांड प्रक्रिया में पंचायत सहायकों के हस्ताक्षर अनिवार्य किए जाने अथवा इस संबंध में उनकी जिम्मेदारी स्पष्ट करने की मांग भी की गई। पंचायत सहायकों का कहना था कि यदि हस्ताक्षर अनिवार्य नहीं हैं तो ट्रैकिंग से संबंधित जवाबदेही से उन्हें मुक्त किया जाए। ज्ञापन में पंचायत सहायकों ने सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए कहा कि इससे विभागीय कार्यों में तेजी आएगी और ग्रामीणों को मिलने वाली ऑनलाइन एवं अन्य सरकारी सेवाएं भी अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेंगी। ज्ञापन पर विकास खंड शोहरतगढ़ के कई पंचायत सहायकों के हस्ताक्षर अंकित हैं।




