गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़श्रावस्ती

ग्रामीण बच्चों के लिए वरदान बना अतुल्य विकास फाउंडेशन का निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा केंद्र

दैनिक बुद्ध का संदेश
श्रावस्ती। डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा सफलता की नई पहचान बन चुकी है। ऐसे समय में ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने का सराहनीय कार्य अतुल्य विकास फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। फाउंडेशन के तत्वावधान में लेगड़ी मोड़ चौराहा, गोपालपुर, जनपद श्रावस्ती में संचालित निःशुल्क पूर्णकालिक कंप्यूटर शिक्षा केंद्र ग्रामीण बच्चों के लिए नई उम्मीद बनकर उभरा है। इस केंद्र में वर्तमान समय में लगभग 60 से 80 छात्र-छात्राएं पूरी तरह निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। यहां विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं, बल्कि कंप्यूटर का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाता है। प्रशिक्षण के दौरान हिंदी व अंग्रेजी टाइपिंग, बेसिक कंप्यूटर संचालन, इंटरनेट का उपयोग तथा डिजिटल साक्षरता से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी जाती है। केंद्र प्रबंधक अनिल त्रिपाठी ने बताया कि जब इस केंद्र की शुरुआत हुई थी, तब अधिकांश बच्चों ने कभी कंप्यूटर का उपयोग नहीं किया था। लेकिन आज वही बच्चे आत्मविश्वास के साथ कंप्यूटर पर कार्य कर रहे हैं, हिंदी और अंग्रेजी में टाइपिंग कर रहे हैं तथा इंटरनेट के माध्यम से नई-नई जानकारियां प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों में सीखने का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और वे प्रतिदिन नई तकनीकों को सीखने के लिए उत्सुक रहते हैं। यह केंद्र विशेष रूप से उन ग्रामीण बच्चों के लिए लाभदायक साबित हो रहा है, जिन्हें आर्थिक या अन्य कारणों से तकनीकी शिक्षा के अवसर नहीं मिल पाते। स्थानीय लोगों ने भी अतुल्य विकास फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के निःशुल्क शिक्षा केंद्र ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं। ग्रामीण भारत को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में फाउंडेशन का यह प्रयास एक प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है

Related Articles

Back to top button