10 अगस्त को चलेगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान, 1 से 19 वर्ष के बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल की दवा

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। 20 जुलाई राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय समन्वय एवं अभिमुखीकरण बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा एल्बेंडाजोल की दवा खाने से वंचित न रहे। इसके लिए सभी विभाग माइक्रोप्लान तैयार कर प्रभावी ढंग से कार्य करें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम 10 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली, 2 से 3 वर्ष तक के बच्चों को एक गोली पीसकर तथा 3 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को एक पूरी गोली दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को किसी कारणवश छूटे हुए बच्चों को 14 अगस्त 2026 को मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी। इसी दिन ई-कवच पोर्टल पर ऑनलाइन फीडिंग भी की जाएगी। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, सभी एमओआईसी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




