सिद्धपीठ बेरिया माता मंदिर के सौंदर्यीकरण की उठी मांग, श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सदर विधायक अनुपमा जायसवाल को भेजा जाएगा ज्ञापन, पुलिस चौकी व विश्राम गृह की भी मांग

बहराइच। बहराइच-गोंडा मार्ग पर बेरिया गांव के निकट स्थित प्राचीन सिद्धपीठ बेरिया माता मंदिर के सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग जोर पकड़ने लगी है। बहराइच नागरिक मंच सहित जिले के कई गणमान्य नागरिकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं सदर विधायक अनुपमा जायसवाल से मंदिर परिसर का समुचित विकास कराने की अपील की है।
बताया गया कि बहराइच शहर से करीब छह किलोमीटर दूर स्थित यह प्राचीन सिद्धपीठ मंदिर श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन, अन्नप्राशन और मुंडन संस्कार के लिए पहुंचते हैं, जबकि चैत्र और शारदीय नवरात्रि में श्रद्धालुओं की संख्या हजारों में पहुंच जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर परिसर में सफाई, पेयजल, सार्वजनिक शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। परिसर में लगे हैंडपंप भी अक्सर खराब रहते हैं और उनके आसपास गंदगी फैली रहती है। महिलाओं के लिए शौचालय न होने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नागरिकों ने मंदिर परिसर में वाटर कूलर, सार्वजनिक शौचालय, विश्राम गृह, भोजनालय, बच्चों के लिए झूले व खेल उपकरण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, नियमित सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की है।
बहराइच नागरिक मंच के अभिनय त्रिपाठी, सम्पूर्णानन्द बाजपेई “बागी”, राजेश अवस्थी, जयसुखलाल मिश्र, अजय कुमार बाजपेई, सौरभ शुक्ला, विष्णु कुमार बाजपेई (अधिवक्ता), आनंद शुक्ला, मनोज बाजपेयी, हरिकृष्ण अवस्थी, आनंद मोहन प्रधान, पत्रकार गोपाल शर्मा, मोहम्मद बशीर अंसारी सहित अन्य नागरिकों ने बताया कि शीघ्र ही एक प्रतिनिधिमंडल सदर विधायक अनुपमा जायसवाल को ज्ञापन सौंपेगा तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी पंजीकृत डाक से ज्ञापन भेजकर मंदिर के समग्र विकास की मांग करेगा।




