अवैध कटान का मामला: कब्रिस्तान की भूमि पर खड़े तीन सेमल के पेड़ काटे गए

बहराइच। पयागपुर तहसील अंतर्गत ग्राम गुलवरिया में कब्रिस्तान की भूमि पर खड़े तीन सेमल के पेड़ों को कथित रूप से अवैध तरीके से काट दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी।
बताया जा रहा है कि कटे हुए पेड़ अभी भी मौके पर पड़े हुए हैं। सूचना मिलने पर स्थानीय लेखपाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले का मुआयना किया और आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।
वहीं, संबंधित पक्ष ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए, तो कब्रिस्तान की भूमि पर खड़े अन्य पेड़ों को भी काटा जा सकता है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई तथा शेष पेड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। अवैध कटान के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभाग की जांच के बाद ही होगी। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।




