संतकबीरनगर डीएम ने सुनीं पूर्व सैनिकों की समस्याएं

दैनिक बुद्ध का संदेश
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला सैनिक कल्याण भवन सभागार में सैनिक बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के लगभग 40 पूर्व सैनिकों ने भाग लेकर अपनी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी पूर्व सैनिकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान सर्वाेच्च प्राथमिकता पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सैनिकों और पूर्व सैनिकों का सम्मान करना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण प्रशासन की जिम्मेदारी है। बैठक का संचालन जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल राम प्रकाश मिश्र ने किया। उन्होंने जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए सैनिक कल्याण भवन के निर्माण में उनके योगदान की सराहना की और सैनिकों के प्रति उनकी संवेदनशीलता की प्रशंसा की। बैठक में पूर्व सैनिक ऋषिकेश की भूमि संबंधी शिकायत पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी खलीलाबाद को आवश्यकतानुसार पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर नियमानुसार कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। पूर्व सैनिक मुक्तनाथ के प्रकरण में नायब तहसीलदार खलीलाबाद को स्वयं स्थल का निरीक्षण कर न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं पूर्व सैनिक रमाकांत के मामले में भी नायब तहसीलदार को मौके पर जाकर जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने वीर चक्र विजेता शहीद सत्यवान सिंह के नाम पर सैनिक कल्याण भवन में बने नवनिर्मित सभागार का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद ष्एक पेड़ माँ के नाम महाभियान के अंतर्गत सैनिक कल्याण भवन परिसर में पाकड़ का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर 90 वर्षीय वयोवृद्ध पूर्व सैनिक सूबेदार यदुनंदन मिश्रा ने भी पौधारोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई। बैठक में उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रियम राजशेखर पांडेय, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वी.के. सोनी, नायब तहसीलदार प्रेम नारायण, एसडीओ विद्युत, ओएसडी राकेश कुमार, बंदोबस्त अधिकारी (चकबंदी) विनय कुमार सिंह, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।




