स्कूल समय में बेलगाम ट्रैक्टर-ट्रॉली, बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल
बहराइच। बहराइच सिटी में सुबह स्कूल खुलने के समय तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। स्कूली बच्चों के आने-जाने के दौरान कई ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज गति से सड़कों पर दौड़ते नजर आते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय बड़ी संख्या में बच्चे पैदल, साइकिल और ई-रिक्शा से स्कूल जाते हैं। ऐसे में तेज रफ्तार भारी वाहन उनकी सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन रहे हैं। लोगों का आरोप है कि कई वाहन चालक यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए बेखौफ होकर वाहन चलाते हैं।
नागरिकों ने जिला प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि स्कूल खुलने और छुट्टी के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा अन्य भारी वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही तेज रफ्तार और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और प्रशासन को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने चाहिए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।





