आवारा कुत्ते का आतंक एक ही दिन में तीन बच्चों पर हमला, क्षेत्र में दहशत

दैनिक बुद्ध का संदेश
बहराइच। जनपद के बौंडी थाना क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को एक ही दिन में अलग-अलग गांवों में तीन मासूम बच्चों पर आवारा कुत्ते ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटनाओं के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, थाना बौंडी क्षेत्र के मरवट गांव में घर के बाहर खेल रहे डेढ़ वर्षीय अफजल और 8 वर्षीय सुफियान पर अचानक एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और काफी मशक्कत के बाद दोनों को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। इसी दिन करीब एक किलोमीटर दूर स्थित बहोरवा गांव में 6 वर्षीय सोनम पर भी आवारा कुत्ते ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। तीनों घायल बच्चों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। लगातार हुई इन घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने तथा प्रभावी नियंत्रण अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




