थाना खेसरहा की मिशन शक्ति टीम ने बनकटा में महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

दैनिक बुद्ध का संदेश
खेसरहा। मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत थाना खेसरहा मिशन शक्ति टीम ने सोमवार को थाना क्षेत्र के ग्राम बनकटा में नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन, नए कानून, साइबर अपराध सुरक्षा, एंटी रोमियो एवं शक्ति दीदी अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। इस दौरान पुलिस टीम ने पम्पलेट वितरित कर विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को महिला संबंधी नए कानून, महिला अपराध, साइबर अपराध से बचाव और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और विधिक प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने महिलाओं को 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1090 वूमेन पावर हेल्पलाइन, 108 एम्बुलेंस सेवा, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 102 स्वास्थ्य सेवा सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने की अपील की। थाना खेसरहा पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने का आह्वान किया और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।



