बसडीला में लाखों का आरआरसी सेंटर अधूराः कमरों में रखा जा रहा भूसा; ग्रामीणों ने जल्द निर्माण पूरा कराने की उठाई मांग

दैनिक बुद्ध का संदेश
खेसरहा। सिद्धार्थनगर के खेसरहा विकास क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसडीला में लाखों रुपये की लागत से निर्मित पंचायत भवन आज भी अधूरा पड़ा है। भवन का निर्माण कार्य पूरा न होने के कारण ग्रामीणों को सरकार की ओर से मिलने वाली ऑनलाइन सेवाएं, प्रमाण पत्र संबंधी कार्य और पंचायत स्तर की अन्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्होंने प्रशासन से शीघ्र निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है। सरकार की मंशा थी कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत भवन के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। यहां ग्राम पंचायत की बैठकें आयोजित हों, पंचायत सहायक नियमित रूप से बैठकर आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, ऑनलाइन आवेदन और अन्य जनसेवा संबंधी कार्यों का निस्तारण करें। इसके लिए पंचायत सहायक की नियुक्ति भी की गई है, लेकिन बसडीला में यह व्यवस्था अभी तक प्रभावी नहीं हो सकी है। मौके पर पंचायत भवन का निरीक्षण करने पर स्थिति काफी दयनीय मिली। भवन का प्लास्टर तो हो चुका है, लेकिन कमरों में अभी तक दरवाजे नहीं लगाए गए हैं। फर्श का निर्माण अधूरा है और रंगाई-पुताई का कार्य भी पूरा नहीं हुआ है। रखरखाव के अभाव में भवन के कमरों में बोरियां, भूसा और अन्य घरेलू सामान रखा जा रहा है, जिससे पंचायत भवन अपने मूल उद्देश्य से भटककर भंडारण स्थल बनकर रह गया है। ग्रामीण महेंद्र, सुरेंद्र, संतोष और राजेश ने बताया कि पंचायत भवन बनने के बावजूद उन्हें किसी प्रकार की सुविधा नहीं मिल रही है। उन्होंने मांग की कि भवन का शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए और पंचायत सहायक की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को गांव में ही सभी सरकारी योजनाओं और ऑनलाइन सेवाओं का लाभ मिल सके। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्री चंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि अधूरे निर्माण कार्य और आवश्यक सुविधाओं के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बजट स्वीकृत होते ही शेष कार्य पूरे कराकर पंचायत भवन का नियमित संचालन शुरू कराया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।



