प्राथमिक विद्यालय बसडीला के पुनर्निर्माण की उठी मांगः जर्जर भवन में पढ़ने को मजबूर बच्चे, अभिभावकों में चिंता

दैनिक बुद्ध का संदेश
खेसरहा। सिद्धार्थनगर जिले के खेसरहा विकासखंड की ग्राम पंचायत बसडीला स्थित प्राथमिक विद्यालय का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। दीवारों में गहरी दरारें पड़ गई हैं, कई जगहों से प्लास्टर झड़ रहा है और छत भी कमजोर हो गई है। बरसात के मौसम में भवन की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है, जिससे यहां पढ़ने वाले बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। इसके बावजूद बच्चोंकी पढ़ाई इसी भवन में कराई जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय भवन काफी पुराना हो चुका है और लंबे समय से इसके पुनर्निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बारिश के दौरान छत से पानी टपकता है और दीवारों से प्लास्टर गिरता रहता है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।विद्यालय के प्रधानाध्यापक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति से विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए नए विद्यालय भवन का निर्माण बेहद आवश्यक है।अभिभावकों पवन, सुशीला, महेंद्र और बिंदु ने शासन से शीघ्र नए भवन के निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों को ऐसे भवन में पढ़ाना जोखिम भरा है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि जर्जर विद्यालय भवनों की सूची तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। शासन से बजट स्वीकृत होते ही प्राथमिक विद्यालय बसडीला सहित अन्य जर्जर भवनों का निर्माण कराया जाएगा। ग्रामीणों ने तब तक बच्चों की सुरक्षा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की है।बजट मिलते ही होगा निर्माण – बीईओ




