मौरंग के ढेर में घुसी मछलियों से लदी पिकअप, सड़क और खेतों में बिखरीं 5 कुंतल मछलियां

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़-सनई नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह करीब 11 बजे मछलियों से लदी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मौरंग के ढेर में जा घुसी। हादसे में वाहन में लदी करीब 4 से 5 कुंतल मछलियां सड़क और आसपास के खेतों में बिखर गईं। हालांकि, दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, पिकअप बढ़नी क्षेत्र के अकड़हरा गांव से करीब 20 कुंतल मछलियां लेकर महाराजगंज जा रही थी। धेनसानानकार के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप मौरंग के ढेर में घुस गई। टक्कर के बाद मछलियों से भरे कंटेनर का संतुलन बिगड़ गया और बड़ी संख्या में मछलियां सड़क व खेतों में फैल गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मछलियां तड़पती हुई दूर-दूर तक बिखर गई थीं। चालक और उसके सहयोगियों ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद मछलियों को दोबारा इकट्ठा किया। बताया जा रहा है कि हादसे में कुछ मछलियों की मौत भी हो गई, जिससे वाहन स्वामी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना के चलते कुछ देर तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।




