10वें दीक्षांत समारोह के लिए स्वर्ण पदक विजेताओं की सूची जारी, 28 छात्राएं और 9 छात्र होंगे सम्मानित

दैनिक बुद्ध का सन्देश
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु द्वारा आगामी 29 जून को आयोजित होने वाले 10वें दीक्षांत समारोह के लिए विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के मेधावी छात्र-छात्राओं की प्रस्तावित श्रेष्ठता सूची जारी कर दी गई है। सूची में कुल 37 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 28 छात्राएं और 9 छात्र शामिल हैं।विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध, नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जा रहा है। कुलपति प्रो. केदार शाह ने कहा कि यह सम्मान विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतीक है तथा अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।परीक्षा नियंत्रक डॉ. दयानाथ यादव ने बताया कि जारी सूची प्रस्तावित है और यदि किसी छात्र-छात्रा को अंक, वर्गीकरण अथवा श्रेष्ठता क्रम को लेकर कोई आपत्ति हो तो वह 17 जून तक विश्वविद्यालय की निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना अभ्यावेदन प्रस्तुत कर सकता है। इसके बाद प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत अंतिम सूची जारी की जाएगी।विश्वविद्यालय द्वारा जारी इस सूची में छात्राओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने एक बार फिर साबित किया है कि बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। आगामी दीक्षांत समारोह मेधावी विद्यार्थियों के लिए उपलब्धियों के उत्सव का साक्षी बनेगा।



