गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

दैनिक बुद्ध का संदेश
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।कस्बा बढ़नी स्थित युगकृष्णा गैस सर्विस के खिलाफ उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती नजर आ रही है। क्षेत्र के कई उपभोक्ताओं ने गैस वितरण व्यवस्था में अनियमितता और मनमानी का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी) से संबंधित समस्या आने पर उन्हें एजेंसी कार्यालय भेजा जाता है। आरोप है कि कार्यालय में उन्हें एजेंसी की मोहर लगे दस्तावेज उपलब्ध कराए जाते हैं, लेकिन बाद में गैस वितरण के लिए पहुंचे कर्मचारी उन्हीं दस्तावेजों को अमान्य बताते हुए सिलेंडर देने से इन्कार कर देते हैं।उपभोक्ताओं के अनुसार इस स्थिति के कारण उन्हें एजेंसी कार्यालय और डिलीवरी कर्मियों के बीच बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे समय और धन दोनों की हानि हो रही है। उनका कहना है कि यदि एजेंसी द्वारा जारी दस्तावेज वैध हैं तो उन्हें अस्वीकार करने का आधार स्पष्ट किया जाना चाहिए। क्षेत्रीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस प्रकार की कार्यप्रणाली से उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।उपभोक्ताओं ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाया जाए तथा पात्र उपभोक्ताओं को बिना किसी अनावश्यक बाधा के समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में गैस एजेंसी का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका था। एजेंसी का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।




