बहराइच: निर्माणाधीन उपरगामी सेतु का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश

बहराइच। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने बहराइच-गोण्डा मार्ग पर निर्माणाधीन उपरगामी सेतु 40ए के कार्यस्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलवे एवं सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण कराया जाए।
मौके पर मौजूद रेलवे के साइट प्रभारी धर्मेश कुमार ने बताया कि बूस्टिंग गर्डर सहित अधिकांश कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि अब 60 मीटर स्पान विस्तार का कार्य शेष है तथा धनुषाकार डोरी गर्डर की ढलाई का कार्य प्रगति पर है। साथ ही 2 से 4 दिनों के भीतर क्रॉस बैरियर कंक्रीट का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि डेक स्लैब, बेयरिंग कोट कंक्रीट और विस्तार जोड़ से संबंधित कार्य पूर्ण हो चुके हैं।
जिलाधिकारी ने सेतु निगम के अधिकारी रवि कुमार को निर्देशित किया कि रेलवे द्वारा अपने हिस्से का कार्य पूरा होते ही सेतु निगम भी शेष कार्य में तेजी लाते हुए जल्द से जल्द निर्माण पूर्ण कराए। इस पर अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि शेष कार्य निर्धारित समय में पूरा कर लिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।



