संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की जलकर मौत, ससुराल पक्ष पर आरोप

दैनिक बुद्ध का संदेश
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।जनपद के ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम संसरी के टोला करूआ में सोमवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से जलकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, राजेंद्र यादव पुत्र झंगरू के पुत्र राजेश यादव की पत्नी मंजू उर्फ लाली की उनके दूसरे मकान के एक कमरे में जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना पर मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर महिला को जलाकर मारने का आरोप लगाया।बताया जा रहा है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने जले हुए शव को कपड़े से ढक दिया और कमरे को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद मायके पक्ष के आने का इंतजार किया गया। घटना के लगभग दो घंटे बाद ढेबरुआ पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र करने में जुट गई। समाचार लिखे जाने तक जांच प्रक्रिया जारी थी।घटना के संबंध में मृतका की सास शुभावती ने बताया कि सुबह मंजू उर्फ लाली मंजन करने के लिए एक मकान से दूसरे मकान में गई थी, जहां कुछ ही देर बाद कमरे में आग लग गई। उस समय घर के अन्य सदस्य मौजूद नहीं थेकृपति राजेश यादव ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी गिराने गया था, देवर मोहित भैंस चराने गया था तथा ससुर राजेंद्र दूध बेचने गए थे। वहीं मृतका की मां कपूरा देवी पत्नी सत्यनारायण, निवासी ग्राम दुबौलिया थाना चिल्हिया ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की शादी 18 अप्रैल 2024 को राजेश यादव के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




