व्यापारियों ने स्टेशन की बदहाली को लेकर सांसद बृजलाल को सौंपा ज्ञापन

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल की शाखा शोहरतगढ़ के पदाधिकारियों एवं स्थानीय व्यापारियों ने राज्यसभा सांसद बृजलाल को ज्ञापन सौंपकर शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। व्यापारियों ने मांग की कि स्टेशन को शीघ्र ही अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कर उसका समुचित विकास कराया जाए।व्यापार मंडल के महामंत्री मनोज कुमार गुप्ता, राजकुमार मोदनवाल, दिलीप वर्मा सहित अन्य व्यापारियों ने सांसद को दिए ज्ञापन में बताया कि पिछले कई वर्षों से शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। स्टेशन पर न तो यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है और न ही विकास कार्यों पर कोई विशेष ध्यान दिया गया है। व्यापारियों का कहना है कि अन्य रेलवे स्टेशनों के विकास की तुलना में शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन को लगातार उपेक्षित किया गया है, जिससे क्षेत्र के व्यापार, आवागमन और स्थानीय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा सिद्धार्थनगर और बढ़नी रेलवे स्टेशन के विकास पर अधिक ध्यान दिया गया, जबकि शोहरतगढ़ स्टेशन को नजरअंदाज किया गया।व्यापारियों ने सांसद बृजलाल से आग्रह करते हुए कहा कि शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए, ताकि क्षेत्र की पहचान और अस्तित्व सुरक्षित रह सके। उन्होंने विश्वास जताया कि सांसद के प्रयासों से स्टेशन का विकास संभव होगा और क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।




