स्थापना दिवस 29 दिसंबर: जनपद में आज होगे विविध कार्यक्रम

सिद्धार्थनगर। जनपद स्थापना दिवस 29 दिसंबर के अवसर पर आज विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की शुरुआत 29 दिसंबर की सुबह बुद्ध से जुड़े स्थलों पर स्थापित प्रतिमाओं पर माल्यार्पण से होगी। इसके बाद कपिलवस्तु स्थित मुख्य स्तूप पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बौद्ध भिक्षुओं (भंते) एवं आमजन की सहभागिता रहेगी। साथ ही भंते के बीच कंबल वितरण किया जाएगा। सीडीओ बलराम सिंह ने बताया कि आज की सुबह नौ बजे साड़ी तिराहा, 9.15 बजे सिद्धार्थ तिराहा, सुबह 10 बजे बर्डपुर तिराहा पर बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण होगा।प्रशासनिक व्यवस्था के तहत भंतों के लिए भोजन आदि की व्यवस्था बीडीओ बर्डपुर को सौंपी गई है। वहीं 750 कंबलों के वितरण की जिम्मेदारी एडीएम गौरव श्रीवास्तव एवं एसडीएम नौगढ़ कल्याण सिंह मौर्य को दी गई है। कार्यक्रम स्थल पर सांस्कृतिक वातावरण सृजित करने के लिए स्तूप परिसर में कपिलवस्तु गीत का प्रसारण जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार एवं बीएसए शैलेश कुमार के समन्वय से कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त कपिलवस्तु स्तूप परिसर में मेडिकल टीम एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सुनिश्चित की जाएगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सके। सीडीओ ने संबंधित सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समन्वय के साथ करते हुए कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें।




