गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

पिपरहवा अवशेषों के वापसी के लिये जगदम्बिका पाल ने लोकसभा में उठाया मुद्दा

सिद्धार्थनगर। वरिष्ठ भाजपा सांसद जगदम्बिका पाल ने बुधवार को लोकसभा में नियम 377 के तहत भारत सरकार द्वारा भगवान बुद्ध से सम्बन्धित पिपरहवा अवशेषों की वापसी में किये गये ऐतिहासिक प्रयासों की सराहना करते हुए इन्हें उनके मूल स्थल कपिलवस्तु संग्रहालय सिद्धार्थनगर में स्थापित किये जाने का अनुरोध किया। श्री पाल ने कहा कि सिद्धार्थनगर के पिपरहवा क्षेत्र में 1898 में खोजे गये ये पावन अवशेष भारत और विश्वभर के करोड़ों बौद्ध श्रद्धालुओं के लिए अत्यन्त पूजनीय धरोहर हैं। उन्होंने स्मरण दिलाया कि मई 2025 में जब ये अवशेष हांगकांग की नीलामी सूची में शामिल किये गये थे, तब यह भारत की सांस्कृतिक प्रतिष्ठा के लिए गम्भीर चुनौती थी। उस समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने त्वरित और निर्णायक हस्तक्षेप करते हुए नीलामी को रुकवाया और अवशेषों को सम्मानपूर्वक भारत वापस लाकर विश्व को सांस्कृतिक सम्प्रभुता का सशक्त सन्देश दिया। श्री पाल ने यह भी कहा कि इन अवशेषों को भूटान में आयोजित विशेष प्रदर्शनी के लिए भेजना भारत-भूटान मैत्री, बौद्ध विरासत संरक्षण और हमारी साझा आध्यात्मिक परंपराओं को नई ऊंचाई देने वाला कदम है, जो वैश्विक स्तर पर भारत की उभरती “सॉफ्ट पावर” का स्पष्ट उदाहरण है। अन्त में उन्होंने आग्रह किया कि इन पवित्र अवशेषों को उनके मूल स्थल सिद्धार्थनगर में पुनः स्थापित किया जायें, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था, पर्यटन और बौद्ध परिपथ को नया प्रोत्साहन मिलेगा और सिद्धार्थनगर वैश्विक बौद्ध मानचित्र पर अपने योग्य स्थान को प्राप्त करेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!