सिद्धार्थनगर : धूमधाम से निकला जुलूस ए मोहम्मदी

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। इस्लाम धर्म के आखिरी नबी मोहम्मद साहब का जन्म दिवस बारहवफात नगर में पूरे धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर नगर और आसपास के गांव के मुस्लिम समुदाय के लोग जुलूस की शक्ल में मुख्यालय पर एकत्रित हुए और वहां से जुलूस का लंबा काफिला नगर के विभिन्न मार्गों पर भ्रमण करते हुए अपने अपने ठिकानों पर लौट गया । जुलूस के इस लंबे काफिले में बच्चे बड़े महिलाएं बुज़ुर्ग सभी शामिल रहे। इस अवसर पर गाड़ियों पर बैठे लोग नात भी पढ़ते रहे और बीच-बीच में मोहम्मद साहब की याद में जिंदाबाद के नारे भी लगाते रहे। बताते चलें ईद और बकराईद के बाद बारह वफात का त्यौहार काफी धूमधाम से मनाया जाता है। इस्लामी तारीख के अनुसार इसी दिन इस्लाम धर्म के आखिरी नबी हजरत मोहम्मद साहब का जन्म हुआ था और उन्हीं की याद में यह त्यौहार मनाया जाता है।
जुलूस में जगह-जगह पर शरबतों और खीर खिलाने के लिए स्टाल लगाकर जुलूस में शामिल लोगों को दिया जा रहा था। जुलूस में मुख्यालय के वार्ड शास्त्री नगर, गोबराहा बाजार, अनूप नगर ,सरोजनी नगर, आर्य नगर और बुद्ध नगर के साथ साथ आसपास के गांव महरिया, रोवापार, बभनी, दुमदूमवा, चौरासी बिनायका आदि गांव के सैकड़ों छोटे-बड़े लोग जुलूस में शामिल रहे। जुलूस में पुलिस भी चाक-चौबंद रही वहीं जुलूस में शामिल लोग सद्भावना के रूप में जुलूस में शामिल लोगों को फल पानी आदि बांटते हुए देखे गए। नगर मूल्य मुख्यालय की जामा मस्जिद के इमाम की अगुवाई में अन्य मस्जिदों और गांव की मस्जिदों के लोग एक साथ जुलूस में शामिल रहे। शांति पूर्वक इस जुलूस में नार ए तकबीर और मोहम्मद साहब की याद में नात पढ़ते हुए लोग लगभग 1.00 बजे अपने अपने ठिकानों पर लौट गए।इस दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।




